बिलासपुर में हॉलीडे पैकेज ठगी का खुलासा, करोड़ों की ठगी, आरोपी फरार
ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |
Bilaspur-Holiday-Package-Scam
बिलासपुर में हॉलीडे पैकेज के नाम पर बड़ा ठगी गिरोह सक्रिय, 15–20 लोगों से 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की ठगी का खुलासा।
कॉल और लकी कूपन के जरिए लोगों को ऑफिस बुलाकर पैकेज बेचने के नाम पर किस्तों में पैसे वसूले, बाद में आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की, रायपुर और भिलाई तक फैले नेटवर्क का भी खुलासा हुआ।
Bilaspur/ बिलासपुर में एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसने लोगों को हॉलीडे पैकेज और महंगे गिफ्ट का लालच देकर लाखों-करोड़ों रुपये ठग लिए। यह गिरोह शहर के एक मॉल में संचालित निजी कंपनी के जरिए सक्रिय था और फोन कॉल के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, यह ठगी गिरोह शहर के मैग्नेटो मॉल स्थित एक निजी कंपनी के माध्यम से संचालित हो रहा था। आरोपी लकी कूपन और फ्री गिफ्ट का झांसा देकर लोगों को अपने ऑफिस बुलाते थे और फिर आकर्षक हॉलीडे पैकेज के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलते थे।
पीड़ित अमित गुप्ता ने बताया कि उन्हें 20 फरवरी को एक कॉल आया, जिसमें कहा गया कि उनका नाम लकी ड्रॉ में निकला है। गिफ्ट प्राप्त करने के लिए उन्हें ऑफिस बुलाया गया, जहां कर्मचारियों ने उन्हें विभिन्न ऑफर्स और पैकेज दिखाकर पैसे जमा करने के लिए राजी कर लिया।
अमित ने 27 फरवरी को पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद टिकट बुकिंग, होटल रिजर्वेशन और अन्य सुविधाओं के नाम पर उनसे करीब 50 हजार रुपये और वसूले गए। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि सारी जानकारी ईमेल के जरिए भेजी जाएगी, लेकिन भुगतान के बाद आरोपियों ने फोन बंद कर दिए।
जब पीड़ित को शक हुआ तो वह 24 अप्रैल को कंपनी के ऑफिस पहुंचे, जहां ताला लगा मिला। वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी खुद को इसी तरह की ठगी का शिकार बताया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 15 से 20 लोगों से 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक की ठगी की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क रायपुर और भिलाई तक फैला हुआ था। आरोपियों ने वहां भी ऑफिस खोल रखे थे और नौकरीपेशा व संपन्न वर्ग के लोगों को निशाना बना रहे थे।
पंकज पटेल ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल या आकर्षक ऑफर्स के झांसे में न आएं और निवेश से पहले पूरी जांच जरूर करें।